सेवानिवृत्त सहायक पुलिस निरीक्षक और उसके रिश्तेदारों ने पीट-पीटकर की एक युवक की हत्या : पुलिस

Ads

सेवानिवृत्त सहायक पुलिस निरीक्षक और उसके रिश्तेदारों ने पीट-पीटकर की एक युवक की हत्या : पुलिस

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 04:03 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 04:03 PM IST

जयपुर, 21 जुलाई (भाषा) राजस्थान के भरतपुर जिले में एक सेवानिवृत्त सहायक पुलिस निरीक्षक ने अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर कथित रूप से एक युवक की लाठी-डंडों और लोहे की छड़ से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उद्योग नगर थानाक्षेत्र के तुहिया गांव में सोमवार को यह घटना हुई जिसके बाद से आरोपी फरार हैं।

थाना अधिकारी राजेश कसाना ने बताया कि तुहिया के नकुल सिंह ने भतीजे सुशील कुमार (30) की हत्या कर दिये जाने का मामला दर्ज करवाया है।

प्राथमिकी की अनुसार किसान सुशील के नाम राजमार्ग किनारे करोड़ों रुपए की जमीन थी जिसपर पड़ोसी सहायक पुलिस निरीक्षक गजेंद्र सिंह कब्जा करना चाहता था।

थाना अधिकारी ने बताया कि सोमवार अपराह्न करीब चार बजे सुशील घर में सो रहा था, तभी गजेंद्र सिंह और उसके परिवार के सदस्य वहां पहुंचे।

कसाना के अनुसार गजेंद्र सिंह के परिवार के सदस्य सुशील को जबरन अपने घर ले गए तथा वहां उन्होंने सुशील पर जमीन अपने नाम करने का दबाव बनाया।

आरोप है कि जब सुशील ने जमीन देने से इनकार कर दिया तो गजेंद्र ने अपने परिवार के साथ मिलकर उस पर लाठी-डंडों और लोहे की छड़ से हमला किया।

पुलिस के मुताबिक गजेंद्र के परिवार के लोग ही उसे गंभीर हालत में भरतपुर के राज बहादुर मेमोरियल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहां से गजेंद्र और परिवार के अन्य पांच सदस्य फरार हो गए।

राजेश ने बताया कि सुशील के सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

थाना अधिकारी ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

भाषा बाकोलिया

राजकुमार

राजकुमार