नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आज़ादपुर इलाके में अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने 18 वर्षीय युवक की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस को बीती रात 2.28 बजे आजादपुर इलाके के पास एक घायल व्यक्ति के पड़े होने की सूचना मिली।
अधिकारी ने बताया कि सूचना पर एक पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचा और घायल व्यक्ति को बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान जहांगीरपुरी निवासी ईशांत के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि ईशांत एक शादी समारोह से घर लौट रहा था, तभी हमलावरों ने उसे रोक लिया और उस पर गोली चला दी।
अधिकारी ने कहा, “घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को खाली कारतूस मिले, और एक अपराध एवं फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर सबूत एकत्र किए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।”
उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और उन्हें पकड़ने के लिए टीम गठित की गई हैं। अधिकारी ने कहा सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है।
भाषा प्रशांत नेत्रपाल
नेत्रपाल