आप 1984 के दंगों के पीड़ितों के मामले में राजनीति कर रही है: फूलका

Ads

आप 1984 के दंगों के पीड़ितों के मामले में राजनीति कर रही है: फूलका

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 10:28 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 10:28 PM IST

चंडीगढ़, दो सितंबर (भाषा) भाजपा के वरिष्ठ नेता एच.एस. फूलका ने बुधवार को दिल्ली के एक आम आदमी पार्टी (आप) विधायक के कांग्रेस के पूर्व सांसद सज्जन कुमार की शोक सभा में शामिल होने पर सवाल उठाए और पार्टी पर 1984 के सिख-विरोधी दंगों के पीड़ितों के मामले में राजनीति करने का आरोप लगाया।

उच्चतम न्यायालय के जाने-माने वकील ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग सचमुच पीड़ितों के साथ खड़े थे, वे एक ही समय में उन लोगों के साथ एकजुटता नहीं दिखा सकते जिन्हें उनके खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराया गया है।

फूलका ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के तीन सांसदों को तलब किया और कुमार के घर जाकर शोक व्यक्त करने पर नाराजगी जताई। संवाददाता सम्मेलन में उनके साथ पार्टी के पंजाब मीडिया प्रमुख विनीत जोशी भी मौजूद थे।

दंगों के मामले में दोहरी उम्रकैद की सजा काट रहे सज्जन कुमार का 20 अगस्त को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में निधन हो गया।

कुमार की शोक सभा में दिल्ली के बदरपुर से आम आदमी पार्टी विधायक राम सिंह नेताजी की मौजूदगी पर, फूलका ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी से पूछा कि उसने अपने विधायक के खिलाफ क्या कार्रवाई की।

उन्होंने कहा, “जो लोग सचमुच पीड़ितों के साथ खड़े हैं, वे एक ही समय में उन लोगों के प्रति एकजुटता नहीं दिखा सकते जिन्हें उनके खिलाफ अपराधों के मामलों में दोषी ठहराया गया है।”

भाजपा नेता ने कहा कि आप ने न तो दंगा पीड़ितों के लिए कुछ किया और न ही दोषियों को सजा दिलाने के लिए कोई कदम उठाया।

उन्होंने आरोप लगाया, “उसने इस मुद्दे पर सिर्फ़ राजनीति की।”

उन्होंने कहा कि पीड़ितों ने न्याय के लिए दशकों तक इंतजार किया है और उनके दुख को राजनीतिक हथियार नहीं बनाया जाना चाहिए।

भाषा प्रशांत माधव

माधव