अहमदाबाद, 27 अप्रैल (भाषा) गुजरात में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों के एक संगठन ने राज्य निर्वाचन आयोग से पुलिसकर्मियों के बारे में कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक गोपाल इटालिया के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।
पुलिस में कांस्टेबल पद पर रहे इटालिया की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
गांधीनगर में राज्य निर्वाचन आयोग को सौंपे गए एक ज्ञापन में संगठन ने जूनागढ़ जिले के विसावदर से विधायक इटालिया की ओर से की गई कथित टिप्पणियों की निंदा की।
ज्ञापन के मुताबिक, “26 अप्रैल को इटालिया ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में ‘आप’ विधायक को पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मियों के खिलाफ ‘बेहद आपत्तिजनक, अपमानजनक और भड़काऊ भाषा’ का इस्तेमाल करते हुए देखा जा सकता है।”
संगठन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर जारी एक पोस्ट में कहा, “गुजरात के आईपीएस एसोसिएशन की कार्यकारी समिति ने राज्य निर्वाचन आयोग को एक ज्ञापन सौंपकर विधायक गोपाल इटालिया की ओर से पुलिस अधिकारियों के खिलाफ दिए गए अपमानजनक, निंदनीय और मानहानिकारक बयानों की निंदा की है। संगठन ने आयोग से इटालिया के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई का अनुरोध किया है।”
गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए रविवार को मतदान हुआ। वोटों की गिनती मंगलवार को की जाएगी।
अहमदाबाद पुलिस आयुक्त और आईपीएस एसोसिएशन के गुजरात चैप्टर के अध्यक्ष जीएस मलिक ने गांधीनगर में राज्य निर्वाचन आयुक्त एस मुरली कृष्णा को ज्ञापन सौंपा। उनके साथ एसोसिएशन के अन्य सदस्य भी थे, जिनमें सचिव निपुणा तोरावणे और सदस्य लवीना सिन्हा एवं अशोक यादव शामिल हैं।
भाषा पारुल वैभव
वैभव