श्रीनगर, एक जून (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वापस लौट रहे हज यात्रियों के सामान का समयबद्ध और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू से हस्तक्षेप करने की अपील की।
यह अपील श्रीनगर हवाई अड्डे पर जारी रखरखाव कार्यों और परिचालन संबंधी बाधाओं के कारण हो रही देरी की खबरों के बीच की गई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि हज यात्रियों का ‘चेक-इन’ किया गया सामान उन्हें वापस लाने वाली उड़ान में नहीं भेजा जा सका।
मुख्यमंत्री कार्यालय के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट में लिखा गया है, ‘मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि जम्मू-कश्मीर लौट रहे हज यात्रियों के चेक-इन सामान का समयबद्ध और सुरक्षित परिवहन सुनिश्चित किया जा सके।’
भाषा जोहेब माधव
माधव