पणजी, 17 अगस्त (भाषा) गोवा के कुशावती जिले में अभिनेता अश्विन मुशरान की कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना शनिवार को क्वेपेम गांव में हुई। इस मामले में मुशरान की कार के चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
दुर्घटना के बाद एक स्थानीय व्यक्ति, मुशरान और उनकी पत्नी के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर आया है।
मुशरान ‘लगे रहो मुन्ना भाई’ और ‘फैशन’ फिल्मों में अपनी भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभिनेता और उनकी पत्नी कार से यात्रा कर रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक स्कूटर से उनकी कार की टक्कर हो गई। इस हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने अभिनेता के चालक वसंत पुत्तप्पा लमन (32) के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो दुर्घटना के समय कार चला रहा था।
घटना के बाद अमोल कानेकर के रूप में पहचाने गए एक स्थानीय व्यक्ति और अन्य लोगों ने अभिनेता और उनकी पत्नी से सवाल-जवाब किया।
इस घटना पर टिप्पणी के लिए मुशरान उपलब्ध नहीं हो सके।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा