होली पर झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद उत्तम नगर में रमजान की रौनक की जगह बैरिकेड ने ली

Ads

होली पर झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद उत्तम नगर में रमजान की रौनक की जगह बैरिकेड ने ली

  •  
  • Publish Date - March 8, 2026 / 08:24 PM IST,
    Updated On - March 8, 2026 / 08:24 PM IST

(मानसी जगानी)

नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दौरान झड़प में 26 वर्षीय युवक की मौत के चार दिन बाद भी इलाके में दुकानें बंद हैं, बाजार सुनसान हैं और ईद से महज कुछ ही दिन पहले निवासी अपने रोजमर्रा के कार्यों को करने में परेशानी महसूस कर रहे हैं।

घनी आबादी वाले इस इलाके में रमजान के महीने की सामान्य रौनक भारी पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती, बैरिकेडिंग और आवाजाही पर प्रतिबंधों से फीकी पड़ गई है, जिससे ग्राहक बाजार से दूर हैं।

निवासियों ने बताया कि इलाके का माहौल लॉकडाउन जैसा है और लोग बाहर निकलने में हिचकिचा रहे हैं। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक गतिविधियां लगभग ठप हैं।

इलाके के निवासी और मुस्लिम समाज कमेटी के सदस्य खालिद अली ने कहा, ‘‘पूरे इलाके में सब कुछ बंद है, दुकानें और बाजार बंद हैं। यह लगभग लॉकडाउन जैसा है।’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘यह बहुत बड़ा इलाका है, फिर भी सभी दुकानें बंद हैं। लोग इधर-उधर नहीं जा पा रहे हैं और अपने घरों तक सिमटकर परेशान हैं। यहां 50 साल रहने के दौरान मैंने कभी इतनी अधिक संख्या में पुलिस की मौजूदगी नहीं देखी।’’

चार मार्च को जेजे कॉलोनी इलाके में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई झड़प में 26 वर्षीय तरुण नाम के एक युवक की मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, होली के उत्सव के दौरान तरुण के परिवार की एक लड़की द्वारा कथित तौर पर फेंके गए एक गुब्बारे का पड़ोसी के परिवार की एक महिला पर गिरना हिंसा का कारण बना।

पुलिस ने बताया कि दोनों परिवार लगभग पांच दशकों से एक-दूसरे को जानते थे और पार्किंग और कचरा निपटान जैसे मुद्दों पर पहले भी उनके बीच मतभेद होते रहते थे।

झड़प के बारे में अली ने कहा कि हाल की घटना को छोड़कर, इस क्षेत्र में ऐतिहासिक रूप से समुदायों के बीच शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले पांच दशकों से यहां के लोग सद्भाव से रहे हैं। कुछ लोग इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यहां ऐसा नहीं है। किसी भी त्योहार पर हमारा सामुदायिक सद्भाव कभी भंग नहीं हुआ।’’

अली ने कहा कि तरुण उनके भाई जैसा था और उन्हीं की उम्र का था। अली ने कहा, ‘‘जो कुछ हुआ वह बेहद गलत और निंदनीय है। कोई भी इसका समर्थन नहीं करता। जिसने भी यह किया है उसे सजा मिलनी चाहिए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’’

इस बीच, दिल्ली नगर निगम ने रविवार को एक तोड़फोड़ अभियान चलाया और मामले से जुड़े एक आरोपी के घर के ‘अवैध हिस्सों’ को ध्वस्त कर दिया।

भाषा संतोष नरेश

नरेश