पालम आग के बाद दिल्ली सरकार ने शहर भर की व्यावसायिक इकाइयों के ऑडिट के आदेश दिए

पालम आग के बाद दिल्ली सरकार ने शहर भर की व्यावसायिक इकाइयों के ऑडिट के आदेश दिए

पालम आग के बाद दिल्ली सरकार ने शहर भर की व्यावसायिक इकाइयों के ऑडिट के आदेश दिए
Modified Date: March 19, 2026 / 08:28 pm IST
Published Date: March 19, 2026 8:28 pm IST

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने पालम स्थित एक इमारत में बुधवार को लगी आग के बाद सुरक्षा जांच में तेजी लाने के लिए राजधानी के सभी प्रतिष्ठानों की अग्नि सुरक्षा ऑडिट का आदेश दिया है।

सूद ने अग्नि सुरक्षा अनुपालन के लिए शहर के सभी प्रतिष्ठानों की ‘मैपिंग’ और ऑडिट के लिए तृतीय-पक्ष विशेषज्ञों को नियुक्त करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस कदम का उद्देश्य सुरक्षा उपायों में खामियों की पहचान करना और मिश्रित उपयोग वाले क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक इकाइयों में निर्धारित मानदंडों का पालन सुनिश्चित करना है।’’

सूद ने कहा, ‘‘प्रत्येक कर्मचारी और प्रत्येक परिवार को सुरक्षित महसूस करने का अधिकार है, चाहे वे कहीं भी हों।’’ उन्होंने कहा कि सरकार का इरादा सुरक्षा व्यवस्था में खामियों को दूर करने और निवारक उपायों को मजबूत करने का है।

बुधवार को पालम मेट्रो स्टेशन के पास भीड़भाड़ वाली गली में स्थित चार मंजिला इमारत में आग लग गई। इमारत के तहखाने, भूतल और पहली मंजिल पर कपड़े और सौंदर्य प्रसाधन का व्यवसाय था, जबकि ऊपरी मंजिल पर एक परिवार रहता था। आग के कारण एक परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई।

इससे पहले, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजधानी में व्यापक अग्नि सुरक्षा ऑडिट के निर्देश दिए।

भाषा अविनाश पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में