अहमदाबाद, दो जुलाई (भाषा) अहमदाबाद अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त शरद सिंघल पर एक कुख्यात अपराधी ने पूछताछ के दौरान चाकू से कथित तौर पर हमला कर दिया जिसके बाद अधिकारी के आत्मरक्षा में गोली चलाने पर आरोपी घायल हो गया।
अधिकारियों के अनुसार इसानपुर क्षेत्र के निवासी कलीम उर्फ कलीम भैया को अवैध हथियार रखने संबंधी विशेष खुफिया सूचना के आधार पर पकड़ा गया। उसके खिलाफ पहले से करीब 25 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उपचार के बाद सरकारी अस्पताल में पत्रकारों से बातचीत में शरद सिंघल ने बताया कि अपराध शाखा के निरीक्षक आई.एन. घासुरा के नेतृत्व में चंदोला झील के पास एक झोपड़ी पर छापा मारा गया था, जहां से मध्यप्रदेश से लाए गए चार देसी पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (जेसीपी) ने बताया, ‘‘बरामदगी के बाद जब्ती पंचनामा तैयार किया गया और गवाहों की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। चूंकि बरामदगी के समय मैं पास ही मौजूद था, इसलिए उससे पूछताछ के लिए वहां पहुंचा। झोपड़ी छोटी होने के कारण केवल मैं और निरीक्षक घासुरा ही अंदर गए, जबकि मेरा कमांडो बाहर खड़ा था।’’
सिंघल ने बताया कि कलीम की पहले ही तलाशी ली जा चुकी थी, इसलिए किसी को यह अंदेशा नहीं था कि वह हमला कर सकता है।
उन्होंने कहा, ‘‘नशे के प्रभाव में दिखाई दे रहा कलीम अचानक झोपड़ी के भीतर पड़ा एक चाकू उठा लाया और मुझ पर झपट पड़ा। बचने के प्रयास में मेरे हाथ पर उसने दो-तीन बार चाकू से वार किया, जिससे गहरे घाव हो गए।’’
सिंघल ने बताया कि जब कलीम ने चाकू फेंकने के आदेशों की अनदेखी की, तब उन्होंने निरीक्षक घासुरा की सरकारी रिवॉल्वर लेकर एक गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद सिंघल और कलीम दोनों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि आरोपी की हालत खतरे से बाहर है।
भाषा आशीष माधव
माधव