चेन्नई, 21 अप्रैल (भाषा) अन्नाद्रमुक और भाजपा ने मंगलवार को आरोप लगाया कि तिरुवनमलाई जिले में आठ अज्ञात लोगों ने 15 वर्षीय एक लड़की के साथ यौन उत्पीड़न किया और राज्य में लड़कियों व महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के लिए द्रमुक को दोषी ठहराया।
तिरुवनमलाई जिले के ब्रह्मदेशम क्षेत्र में 20 अप्रैल को हुई घटना पर हैरानी जताते हुए ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) महासचिव एडप्पादि के पलानीस्वामी ने कहा कि पीड़िता कांचीपुरम जिले की रहने वाली थी और तिरुवनमलाई में अपने रिश्तेदार के घर गई थी।
पलानीस्वामी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के शासनकाल के पिछले पांच वर्षों में एक भी दिन ऐसा नहीं था जब मैंने कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा और मादक पदार्थों की तस्करी के बारे में बात न की हो।’
सत्ताधारी द्रमुक को निशाना बनाते हुए उन्होंने कहा कि अगर सरकार को वाकई जनता की परवाह होती तो वह महिलाओं की सुरक्षा करती।
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने दावा किया कि लड़की के साथ यह अपराध उस समय हुआ जब वह तिरुवनमलाई में अपनी नानी के घर जा रही थी।
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा कि इस घटना ने ‘द्रमुक सरकार की विफलता और प्रशासनिक अक्षमता’ को उजागर किया है और उन्होंने अपराध के लिए जिम्मेदार दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा सुनिश्चित करने की मांग की।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन