ईटानगर, चार जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री पसांग दोरजी सोना ने बृहस्पतिवार को कहा कि अवैध मस्जिदों के मुद्दे पर एक स्वदेशी संगठन द्वारा पांच जून से बुलाया गया 24 घंटे का बंद अब ‘‘प्रासंगिक नहीं’’ रह गया है, क्योंकि अधिकारियों ने ईटानगर राजधानी क्षेत्र में बिना आवश्यक अनुमति के संचालित सभी 15 मस्जिदों की पहचान कर उन्हें सील कर दिया है।
अरुणाचल प्रदेश इंडिजिनस यूथ ऑर्गेनाइजेशन (एपीआईवाईओ) ने कथित अनधिकृत मस्जिदों के खिलाफ कार्रवाई और राज्य में अवैध प्रवासन से जुड़ी चिंताओं को लेकर शुक्रवार सुबह पांच बजे से शनिवार सुबह पांच बजे तक 24 घंटे के राजधानी बंद का आह्वान किया था।
राज्य सरकार के प्रवक्ता सोना ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन पहले ही ऐसी 12 मस्जिदों को सील या बंद कर चुका था, जबकि निजी भूमि पर संचालित बताई जा रही शेष तीन मस्जिदों को भी बुधवार को सील कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि चिह्वित सभी 15 ढांचों के अब संचालन में नहीं रहने के कारण सरकार का मानना है कि एपीआईवाईओ की मुख्य मांग पूरी कर दी गई है।
सोना ने कहा, ‘‘जिस मुद्दे के कारण बंद का आह्वान किया गया था, उसका समाधान हो चुका है। चूंकि सभी चिह्नित मस्जिदों को बंद कर दिया गया है, इसलिए आंदोलन जारी रखने का कोई कारण नहीं है।’’
भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष
सुभाष