मलप्पुरम, 29 मार्च (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने रविवार को कांग्रेस नेताओं पर लगे उन आरोपों को बेहद गंभीर बताया, जिनमें हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का टिकट पाने के बदले पैसे मांगने का दावा किया गया है।
विजयन ने कांग्रेस नेतृत्व से आरोपों पर जवाब देने की मांग की।
उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि आरोप सामने आए हैं कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और उनके करीबी सहयोगियों ने पार्टी टिकट के इच्छुक उम्मीदवारों से कथित तौर पर भारी रकम की मांग की थी।
माकपा नेता ने सवाल उठाया कि आरोपों की गंभीरता के बावजूद पार्टी नेतृत्व चुप क्यों है।
उन्होंने पूछा, ‘‘अगर आरोप निराधार हैं, तो कांग्रेस कानूनी कार्रवाई क्यों शुरू नहीं कर रही है?’’
मुख्यमंत्री ने यह सवाल भी उठाया कि क्या चुनावी उम्मीदवारी को केवल ऐसी चीज बना दिया गया है जिसे पैसे से खरीदा जा सकता है, जबकि यह राजनीतिक गतिविधियों और प्रतिबद्धता पर आधारित होनी चाहिए।
कांग्रेस पर दोहरे मापदंड का आरोप लगाते हुए विजयन ने कहा कि जो पार्टी अक्सर दूसरों पर आरोप लगाती है, वह अपने ही सदस्यों के बीच भ्रष्टाचार के आरोपों पर चुप्पी साधे हुए है।
मुख्यमंत्री ने पूछा, ‘‘यह महज एक विवाद नहीं, बल्कि राजनीति की नैतिक नींव से जुड़ा मुद्दा है। लोगों को यह जानने का अधिकार है कि पार्टी टिकट विचारधारा के आधार पर दिए जा रहे हैं या पैसे लेकर?’’
विजयन की यह तीखी टिप्पणी दिल्ली पुलिस द्वारा कांग्रेस नेताओं के खिलाफ कथित टिकट सौदे को लेकर प्राथमिकी दर्ज किए जाने के कुछ दिन बाद आई है।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि यह मामला हरियाणा के एक व्यक्ति की शिकायत से जुड़ा है, जिसने कहा कि उसकी पत्नी को चुनाव टिकट दिलाने के लिए उससे बड़ी रकम मांगी गई थी।
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने रविवार को आरोप लगाया कि हरियाणा में चुनाव टिकट के बदले पैसे मांगने संबंधी आरोप में उनके और अन्य कांग्रेस नेताओं के खिलाफ दर्ज मामला ‘‘भाजपा-माकपा प्रायोजित’’ साजिश है।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल