अमरनाथ यात्रा : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू आधार शिविर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की

Ads

अमरनाथ यात्रा : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू आधार शिविर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 03:54 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 03:54 PM IST

जम्मू, 15 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को यहां भगवती नगर यात्री निवास का दौरा करके अमरनाथ यात्रा के श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध मुहैया करायी गई सुविधाओं और सेवाओं की समीक्षा की।

उपराज्यपाल सिन्हा ने जम्मू कश्मीर पुलिस, सेना, सुरक्षा बलों, श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके आधार शिविर में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आज मैंने जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास का दौरा करके श्री अमरनाथजी यात्रा के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और सेवाओं की समीक्षा की।’’

उन्होंने कहा कि यात्रा शुरू होने के 12 दिनों के भीतर ही श्रद्धालुओं की संख्या तीन लाख के पार पहुंच गई है और श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित तथा परेशानी मुक्त यात्रा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उपराज्यपाल ने यात्रा के संचालन में जुटी सभी एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की और उनसे प्रत्येक श्रद्धालु के साथ ‘विशिष्ट अतिथि’ जैसा व्यवहार करने का आग्रह किया।

उन्होंने बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के निर्बाध पंजीकरण, ठहरने की सुगम व्यवस्था और सुचारु यात्रा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जम्मू संभाग के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के भ्रमण का आयोजन करके श्रद्धालुओं के बीच जम्मू क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जाए।

उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र के हस्तशिल्प और हथकरघा उत्पादों को भी श्रद्धालुओं के बीच सक्रिय रूप से बढ़ावा देने को कहा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा लक्ष्य है कि बाबा अमरनाथ के श्रद्धालु जब अपने घर लौटें तो वे जम्मू के सुंदर स्थानीय हस्तनिर्मित उत्पादों और अविस्मरणीय यादों के रूप में अपने साथ जम्मू का एक हिस्सा भी लेकर जाएं।’’

सिन्हा ने कहा, ‘‘हम सब मिलकर इस वर्ष की यात्रा को वास्तव में ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लेते हैं।’’

पिछले सप्ताह से श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि के मद्देनजर उपराज्यपाल इससे पहले पहलगाम और बालटाल के दोनों आधार शिविरों तथा कश्मीर घाटी में श्रीनगर स्थित यात्री निवास का भी दौरा करके व्यवस्थाओं की समीक्षा कर चुके हैं।

भाषा अमित नरेश

नरेश