राजकीय सम्मान के साथ सेना के जवान अरविंद सांगवान का अंतिम संस्कार किया गया
राजकीय सम्मान के साथ सेना के जवान अरविंद सांगवान का अंतिम संस्कार किया गया
भिवानी, 25 दिसंबर (भाषा) सिक्किम में कर्तव्य पालन के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए सेना के जवान (हवलदार) अरविंद सांगवान का रविवार को चरखी दादरी के झोझु कलां गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
जवान के अंतिम संस्कार में स्थानीय सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह और चरखी दादरी के विधायक सोमवीर सांगवान समेत अन्य नेता शामिल हुए ।
इससे पहले चरखी दादरी के झोझु कलां गांव के रहने वाले हवलदार अरविंद सांगवान का पार्थिव शरीर सिक्किम से यहां पहुंचते ही गांव का माहौल गमगीन हो गया।
हजारों की संख्या में एकत्रित भीड़ ने हवलदार को ”जब तक सूरज चांद रहेगा-अरविंद तेरा नाम रहेगा” तथा ‘‘भारत माता की जय’’ के नारों के साथ अंतिम विदाई दी।
अरविंद की चिता को उनके आठ साल के बेटे ध्रुव ने मुखाग्नि दी।
उल्लेखनीय है कि उत्तरी सिक्किम के जेमा में शुक्रवार को सेना का एक ट्रक तीव्र मोड़ पर मुड़ते समय खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और इस हादसे में तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों (जेसीओ) समेत 16 सैन्यकर्मियों की मौत हो गयी थी जिसमें अरविंद सांगवान भी शामिल थे ।
भाषा सं रंजन
रंजन

Facebook


