राजौरी में नदी से शव निकालने के लिए सेना ने हेलीकॉप्टर इस्तेमाल किया

Ads

राजौरी में नदी से शव निकालने के लिए सेना ने हेलीकॉप्टर इस्तेमाल किया

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 10:31 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 10:31 PM IST

राजौरी/जम्मू, 20 जुलाई (भाषा) सेना ने अचानक आई बाढ़ में जान गंवाने वाले एक व्यक्ति का शव नदी से निकालने के लिए सोमवार को हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया। व्यक्ति का शव उफनती नदी के बीच चट्टानों के बीच 20 घंटे से अधिक समय से फंसा हुआ था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में मृतक की पहचान 20 वर्षीय मोहम्मद जावेद के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि शव रविवार शाम नौशेरा क्षेत्र में तेज बहाव वाली मुनवर तवी नदी में दिखा था, जिसके बाद पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और स्थानीय स्वयंसेवकों ने संयुक्त अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि कई प्रयासों के बावजूद तेज बहाव और लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण बचावकर्मी शव तक सुरक्षित ढंग से नहीं पहुंच सके। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर किए गए सभी प्रयास विफल होने के बाद जिला प्रशासन के अनुरोध पर सेना ने एक हेलीकॉप्टर को सेवा में लगाया।

अधिकारियों के अनुसार, एक सुनियोजित हवाई अभियान के तहत शव को सफलतापूर्वक नदी से निकाल लिया गया, जिससे लंबे समय से जारी अभियान समाप्त हो गया।

उन्होंने बताया कि जावेद हाल में अचानक आई बाढ़ में बह गए थे। उन्होंने बताया कि बाद में पुलिस ने पोस्टमार्टम सहित अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए शव को अपने कब्जे में ले लिया।

अधिकारियों ने कहा कि हेलीकॉप्टर की मदद से चलाया गया यह अभियान इस बात का उदाहरण है कि दुर्गम इलाकों और प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में, जहां सामान्य बचाव के तरीके कारगर नहीं होते, वहां सेना कठिन अभियानों में अहम भूमिका निभाती है।

जावेद रविवार तड़के अचानक आई बाढ़ के दौरान राजौरी के मलिक मार्केट क्षेत्र स्थित अपने किराये के आवास से लापता हो गए थे। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं, जिसमें जावेद का शव भी शामिल है। जल शक्ति विभाग के एक लापता कर्मचारी की तलाश अभी भी जारी है।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप