पीएलआई योजनाओं के तहत इस साल मार्च तक 2.4 लाख करोड़ से अधिक का निवेश: सरकार

Ads

पीएलआई योजनाओं के तहत इस साल मार्च तक 2.4 लाख करोड़ से अधिक का निवेश: सरकार

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 05:38 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 05:38 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) सरकार ने मंगलवार को कहा कि उत्पादन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजनाओं के तहत इस साल मार्च तक 2.40 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का वास्तविक निवेश हुआ है और 14.15 लाख से अधिक नौकरियां पैदा हुई हैं।

लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि इन योजनाओं की शुरुआत से अब तक कुल मिलाकर 15.2 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा का निर्यात हुआ है, जो वैश्विक मूल्य शृंखलाओं के साथ भारत के बढ़ते जुड़ाव को दिखाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘31 मार्च, 2026 तक, पीएलआई योजना के तहत 2.40 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का असल निवेश हुआ और 14.15 लाख से अधिक (प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष) नौकरियां पैदा हुईं।’’

मंत्री के जवाब में दिए गए आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक निवेश ‘हाई-एफिशिएंसी सोलर पीवी मॉड्यूल’ में आया जो 64,873 करोड़ रुपये रहा।

उन्होंने कहा कि इसके बाद मार्च तक फार्मा (45,158 करोड़ रुपये), ऑटो (44,326 करोड़ रुपये), स्पेशलिटी स्टील(23,896 करोड़ रुपये) और बड़े पैमाने पर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण क्षेत्र (20,580 करोड़ रुपये) का नंबर आता है।

एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में प्रसाद ने कहा कि पिछले पांच सालों (2021-2026) में अमेरिका में भारत का विदेशी निवेश 15.9 अरब अमेरिकी डॉलर रहा।

पिछले वित्त वर्ष में यह चार अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक था जबकि 2024-25 में यह 3.44 अरब अमेरिकी डॉलर था।

भाषा वैभव माधव

माधव