साइबर धोखाधड़ी: सरकार ने जामताड़ा, मेवात और पांच अन्य जगहों पर समन्वय दल बनाए

Ads

साइबर धोखाधड़ी: सरकार ने जामताड़ा, मेवात और पांच अन्य जगहों पर समन्वय दल बनाए

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 05:38 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 05:38 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) सरकार ने मंगलवार को लोकसभा को बताया कि झारखंड का जामताड़ा और हरियाणा का मेवात उन सात इलाकों में शामिल हैं, जहां केंद्र सरकार ने साइबर अपराध से निपटने में तालमेल बेहतर करने के लिए संयुक्त साइबर समन्वय दल (जेसीसीटी) बनाए हैं। सरकार ने मंगलवार को लोकसभा को यह जानकारी दी।

गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि ये दल ‘भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र’ (आई4सी) के तहत मेवात, जामताड़ा, अहमदाबाद, हैदराबाद, चंडीगढ़, विशाखापत्तनम और गुवाहाटी के लिए बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ये टीमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को साथ लाकर पूरे देश को कवर करती हैं, ताकि साइबर अपराध के केंद्र बन गए क्षेत्रों और कई अधिकार क्षेत्रों से जुड़े मामलों से निपटने में कानून लागू करने वाली एजेंसियों के बीच तालमेल का ढांचा बेहतर हो सके।

मंत्री ने कहा कि आई4सी ने साइबर अपराध से जुड़े आंकड़े साझा करने और एनालिटिक्स के लिए प्रबंधन सूचना प्रणाली, डेटा रिपॉजिटरी और तालमेल मंच के तौर पर ‘समन्वय’ प्लेटफॉर्म शुरू किया है।

सरकार के मुताबिक, इस प्लेटफॉर्म की वजह से 29,837 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और साइबर जांच में मदद के लिए 2.33 लाख से ज़्यादा अनुरोधों पर कार्रवाई की गई है।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा