शिमला, दो जुलाई (भाषा) भारतीय सेना की सिग्नल्स कोर की ‘डेयर डेविल्स’ टीम ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक जुलाई को 10,000 फुट की ऊंचाई पर बनी दुनिया की सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग रोहतांग की अटल टनल में एक नया विश्व कीर्तिमान बनाने का सफल प्रयास किया।
सेना ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में बताया कि इस शानदार कारनामे में 10 मोटरसाइकिल चालकों ने केवल दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर 10,075 फुट की ऊंचाई पर स्थित 9.8 किलोमीटर लंबी अटल सुरंग को नौ मिनट और 47.97 सेकंड के प्रभावशाली समय में पार किया।
बयान के मुताबिक, अति ऊंचाई और मुश्किल हालात में की गई इस कोशिश के लिए असाधारण सटीकता, संतुलन, सहनशक्ति, बेहतरीन टीमवर्क और वाहन चलाने के अति विशिष्ट कौशल की ज़रूरत थी, जिससे सैन्य पेशेवर के उच्चतम स्तर का प्रदर्शन हुआ।
सेना ने बताया कि सिग्नल्स कोर की ‘डेयर डेविल्स’ टीम इस समय देशव्यापी ‘‘व्हील्स ऑफ़ वेलोर: संचार शक्ति’’ मोटरसाइकिल अभियान पर है। इसने कहा कि टीम बुधवार को इतिहास रचने से पहले 30 जून को कुल्लू के पालचन पहुंची।
यह उपलब्धि ‘डेयर डेविल्स’ टीम द्वारा कारगिल विजय दिवस की भावना को सम्मान दिए जाने के वास्ते महत्वाकांक्षी विश्व कीर्तिमान बनाने के प्रयासों की एक शृंखला का हिस्सा थी।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल