जम्मू, चार अगस्त (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के प्रांतीय अध्यक्ष रतन लाल गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि सत्तारूढ़ दल वर्ष 2019 में जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक अधिकारों को ‘‘असंवैधानिक व एकतरफा’’ तरीके से समाप्त किए जाने और राज्य का दर्जा बहाल नहीं किए जाने के विरोध में पांच अगस्त को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाएगी।
कांग्रेस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने भी जम्मू में अपने-अपने पार्टी मुख्यालयों के बाहर अलग-अलग विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की।
ये प्रदर्शन पांच अगस्त, 2019 को केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने और तत्कालीन राज्य को जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख के दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित किए जाने के सात साल पूरे होने के मौके पर किए जाएंगे।
गुप्ता ने यहां नेकां मुख्यालय से जारी एक बयान में कहा कि पांच अगस्त जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक और लोकतांत्रिक इतिहास के ‘‘सबसे अंधकारमय दिनों’’ में से एक है।
उन्होंने कहा, ‘‘उस दिन लिये गए फैसलों ने लोगों से उनके संवैधानिक सुरक्षा उपाय छीन लिये और उनकी सहमति के बिना उन्हें लागू किया गया। इससे लोकतंत्र, संघवाद और संवैधानिक मर्यादा के सिद्धांत कमजोर हुए। जम्मू-कश्मीर के लोग अब भी उन फैसलों के राजनीतिक, संवैधानिक और भावनात्मक परिणामों को झेल रहे हैं।’’ गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने बार-बार दावा किया कि तत्कालीन राज्य का दर्जा छीना जाना अस्थायी था, लेकिन राज्य का दर्जा बहाल करने में उसकी लगातार अनिच्छा ने उसके वादों के ‘‘खोखलेपन’’ को उजागर कर दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब महत्वपूर्ण शक्तियां निर्वाचित सरकार के अधिकार क्षेत्र से बाहर रहती हैं तो लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार प्रभावी ढंग से काम नहीं कर सकती। यह व्यवस्था लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करती है और प्रतिनिधि शासन की भावना को नुकसान पहुंचाती है।’’
नेकां नेता ने केंद्र सरकार से जनता के जनादेश का सम्मान करने, देश और सर्वोच्च संवैधानिक संस्थाओं के समक्ष किए गए अपने बार-बार के वादों को पूरा करने तथा जम्मू-कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करने का आग्रह किया।
जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य मीडिया समन्वयक नीरज गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस बुधवार को जम्मू के शहीदी चौक स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान राज्य का दर्जा बहाल करने के साथ ही भूमि, रोजगार और प्राकृतिक संसाधनों के लिए संवैधानिक सुरक्षा उपायों की मांग की जाएगी।
नीरज गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी भी पांच अगस्त को ‘काला दिवस’ के रूप में मना रही है।
पीडीपी के अतिरिक्त प्रवक्ता रजत रंधावा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पांच अगस्त को ‘काला दिवस’ के रूप में मनाने और अनुच्छेद 370 की बहाली की मांग को लेकर गांधी नगर स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश