ईटानगर, 25 अप्रैल (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री चोवना मीन ने शनिवार को पत्रकारिता में सटीकता, नैतिकता और कानूनी जागरूकता के महत्व पर जोर देते कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए जिम्मेदार रिपोर्टिंग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
नामसाई जिले में ‘अरुणाचल प्रदेश यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स’ (एपीयूडब्ल्यूजे) द्वारा आयोजित ‘जिम्मेदार मीडिया पहल’ विषय पर एक कार्यशाला को संबोधित करते हुए मीन ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बाद में सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘मीडिया बिरादरी के साथ ‘रिपोर्टिंग के जिम्मेदार और कानूनी पहलू’ विषय पर सार्थक बातचीत हुई। मैंने अपने विचार साझा किए कि कैसे पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं है, बल्कि समाज के प्रति एक उत्तरदायित्व है।’
डिजिटल युग की चुनौतियों को रेखांकित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने रिपोर्टिंग में तथ्यों की जांच और संवेदनशीलता की आवश्यकता पर बल दिया।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप