बाराबंकी, 25 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र में एक महिला की तालाब में डूबकर हुई मौत के बााद उसके मायके वालों ने दिव्यांग पति पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया, जिससे आहत युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि ग्राम बिलौली निवासी कुलदीप (28), पत्नी निशा (24) और बेटा बालगोविंद (10 महीने) के साथ रहते थे। गांव में दूसरा घर भी है, जिसमें कुलदीप की मां दयावती रहती है। कुलदीप दिव्यांग है और मजदूरी करके घर का खर्च चलाता था।
पुलिस के अनुसार निशा आज सुबह अपने पति कुलदीप के साथ गांव के पास स्थित तालाब के निकट घर की सफाई करने गई थी। इसी दौरान निशा अचानक तालाब में डूब गई। उस समय पति शौच के लिए चला गया था। वापस आने पर देखा कि पत्नी की तालाब में डूबने से मौत हो गई।
घटना की जानकारी पर कुलदीप ने स्थानीय लोगों की मदद से निशा का शव घर पहुंचाया। सूचना मिलते ही निशा के मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
पुलिस ने बताया कि मायके वालों का आरोप था कि निशा की हत्या कर उसका शव तालाब में फेंका गया है। पति कुलदीप और उसकी मां पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया और पुलिस को तहरीर दी।
पत्नी की हत्या के आरोप से आहत होकर पति कुलदीप ने शाम को अपने घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
कुलदीप और निशा की शादी लगभग दो साल पहले हुई थी।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
भाषा
सं, जफर रवि कांत