ईटानगर, नौ जुलाई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के छह जिलों में आई बाढ़ और भूस्खलन से घरों, सड़कों व फसलों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बृहस्पतिवार शाम को जारी बयान में कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान केयी पन्योर, अपर सियांग, तिरप, चांगलांग, पापुम पारे और अपर सुबनसिरी जिलों में बाढ़ आई व भूस्खलन की घटनाएं हुईं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार के लिए शि योमी, सियांग, ईस्ट सियांग, लोअर दिबांग वैली, लोहित और लोंगडिंग जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया।
विभाग ने इन इलाकों में गरज, चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है।
शुक्रवार से बारिश कम होने का अनुमान है।
शुक्रवार के लिए केवल पापुम पारे, लोअर दिबांग वैली और तिरप जिलों में ही ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।
आईएमडी के अनुसार, सप्ताहांत में मौसम के बेहतर होने का अनुमान है।
शनिवार तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी की संभावना नहीं है।
हालांकि, विभाग ने कहा कि सोमवार तक राज्य के पूर्वी और तराई वाले जिलों में गरज-चमक और भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर ‘येलो’ अलर्ट जारी रहेगा।
पिछले 24 घंटों में अपर सियांग के यिंगकियोंग गांव, तिरप के खोंसा कस्बे और खेती गांव, चांगलांग के फांगटिप, ओल्ड जुखी, यानमान, बुबांग-1, जोंगजी हावी, सोंगको हावी, थामियांग, नामटोक मुख्यालय, नोइतोंग, चागरा व फुंगसा गांव, पापुम पारे के गेराम, गोया, होजी-1, होजी-2, खील, लांगपेक, मेपसोरो, तेचिर, तोरू और यायी-1 गांव तथा अपर सुबनसिरी के एरू, निंगपिन, दारू, उली, सेगी, देबोम, बुई, लिदा, बुलो, नगुकी व रिद्दी गांव प्रभावित हुए हैं।
हाल ही में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ और भूस्खलन ने अरुणाचल प्रदेश में व्यापक तबाही मचाई है।
इन घटनाओं से राज्य में छह लोगों की मौत हो चुकी है।
बयान के अनुसार, भारी बारिश से आई बाढ़ और भूस्खलन के कारण अरुणाचल प्रदेश के 26 जिलों के 237 क्षेत्रों में आने वाले 333 गांवों के कम से कम 94,201 लोग प्रभावित हुए हैं।
बाढ़ और भूस्खलन से खेती और सरकारी बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है।
कुल 334.2 हेक्टेयर फसल क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जिसमें 185.5 हेक्टेयर बागवानी और 148.7 हेक्टेयर कृषि भूमि शामिल है।
इसके अलावा, 1,010 हेक्टेयर वन क्षेत्र भी प्रभावित हुआ है।
इस बीच गृह मंत्रालय की अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम ने अरुणाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित पूर्वी सियांग और लोअर सियांग जिलों का दौरा किया।
अधिकारियों ने बताया कि टीम ने हाल की बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया और यह भी देखा कि क्या केंद्र से अतिरिक्त वित्तीय सहायता की जरूरत है।
दौरे के दौरान गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव निष्ठा तिवारी के नेतृत्व वाली टीम के साथ अरुणाचल प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव दानी सालू भी मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने बाढ़ से प्रभावित कई स्थानों का निरीक्षण किया।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश