अरुणाचल में किडनी प्रतिरोपण की पहली सर्जरी टीआरआईएचएमएस में हुई : मुख्यमंत्री पेमा खांडू

Ads

अरुणाचल में किडनी प्रतिरोपण की पहली सर्जरी टीआरआईएचएमएस में हुई : मुख्यमंत्री पेमा खांडू

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 04:58 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 04:58 PM IST

ईटानगर, 28 सितंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोमवार को बताया कि राज्य में किडनी प्रतिरोपण की पहली सर्जरी यहां के टोमो रिबा इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज (टीआरआईएचएमएस) में सफलतापूर्वक की गई।

मुख्यमंत्री ने इस प्रक्रिया को अरुणाचल प्रदेश की स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसे राज्य में उन्नत उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक कदम करार दिया।

उन्होंने यहां अपने कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा, ‘‘नयी दिल्ली स्थित सर गंगा राम अस्पताल के वरिष्ठ प्रतिरोपण विशेषज्ञों की टीम के सहयोग से रविवार को टीआरआईएचएमएस में पहली बार सफलतापूर्वक किडनी प्रतिरोपण किया गया।’’

खांडू ने कहा कि राज्य सरकार टीआरआईएचएमएस में चिकित्सकों और नर्सों की क्षमता बढ़ाने के लिए पिछले तीन वर्षों से सर गंगा राम अस्पताल के साथ मिलकर काम कर रही है। इसी के साथ उन्होंने अस्पताल के प्रबंधक और वरिष्ठ चिकित्सकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्जरी के बाद स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य सलाहकार के साथ अस्पताल जाकर उन्होंने अंगदाता और अंग प्राप्त करने वाले व्यक्ति से मुलाकात की थी।

उन्होंने कहा कि पहले सफल प्रतिरोपण ने साबित कर दिया है कि टीआरआईएचएमएस के चिकिस्तक और नर्स इस विशेष प्रक्रिया को अपनाने में सफल रहे और सरकार आगामी दिनों में किडनी प्रतिरोपण की संख्या बढ़ाने के लिए काम करेगी।

खांडू ने यह भी कहा कि सरकार टीआरआईएचएमएस में दूसरे विभागों को भी मजबूत कर रही है।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप