अरुणाचल प्रदेश में शिक्षक तबादला प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल प्रणाली शुरू

Ads

अरुणाचल प्रदेश में शिक्षक तबादला प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल प्रणाली शुरू

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 03:03 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 03:03 PM IST

ईटानगर, 28 मई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षक तबादला और तैनाती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, शिक्षकों की संतुलित तैनाती और स्कूलों में उनकी उपस्थिति की कड़ी निगरानी के लिए एक डिजिटल प्रणाली शुरू की है।

राज्य शिक्षा आयुक्त अमजद टाक ने बुधवार को अरुणाचल प्रदेश शिक्षक स्थानांतरण और तैनाती नीति अधिनियम के लागू होने की घोषणा करते हुए कहा कि यह कदम सरकार की ‘रीच टू टीच’ पहल के तहत दूरदराज और सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में शिक्षकों की उपलब्धता बेहतर बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

इस नयी व्यवस्था की प्रमुख विशेषताओं में ‘टीचर रजिस्ट्री पोर्टल’ शामिल है। यह एक ऑनलाइन डाटाबेस है जिसके माध्यम से शिक्षकों के तबादले संबंधी आवेदन, सेवा रिकॉर्ड तथा तैनाती संबंधी विवरण का डिजिटल प्रबंधन किया जाएगा।

टाक ने कहा कि इससे विभाग को जवाबदेही मजबूत करने और शिक्षा क्षेत्र में अनियमितताओं को कम करने में मदद मिलेगी।

टाक ने कहा, ‘विभाग के पास अब शिक्षकों से संबंधित संपूर्ण आंकड़े उपलब्ध हैं।’

उन्होंने कहा कि नयी तबादला रूपरेखा को राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। साथ ही इसका उद्देश्य शिक्षकों को तैनाती के दौरान होने वाली असुविधा को कम करना भी है।

आयुक्त ने कहा कि 600 से अधिक शिक्षकों ने इस डिजिटल मंच के माध्यम से तबादले के लिए पहले ही आवेदन कर दिया है।

आयुक्त के अनुसार, जो शिक्षक तबादले के बाद 15 दिनों के भीतर कार्यभार ग्रहण करने में विफल रहते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

भाषा

प्रचेता नरेश

नरेश