नयी दिल्ली, पांच मई (भाषा) लुटिंयस दिल्ली के अशोक रोड पर हुए सड़क हादसे में रिश्ते के दो भाइयों की मौत के मामले में फरार ट्रक चालक को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी 20 वर्षीय टुनटुन उर्फ टिटू को सोमवार को को बिहार के समस्तीपुर से गिरफ्तार किया गया। वह बिहार का मूल निवासी है और वर्तमान में दिल्ली के यमुना खादर में रह रहा है।
संसद मार्ग थाना क्षेत्र के महादेव रोड टी-पॉइंट के पास 27 अप्रैल की रात को एक ट्रक ने पीछे से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे अशोक नगर निवासी यज्ञ भाटिया (20) और उनके 14 वर्षीय रिश्ते के भाई अभव भाटिया की मौत हो गई। वह आईपीएल मैच देख कर लौट रहे थे।
हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
जांच के दौरान, अधिकारियों ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों के आधार पर ट्रक की पहचान कर उसे जब्त कर लिया।
एक अधिकारी ने बताया, ‘घटना के बाद आरोपी दिल्ली से भाग गया था और बिहार में छिपा हुआ था। पुलिस ने लगातार प्रयासों के बाद उसका पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।’
पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव