केरलम : विजयन ने एसएफआई छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर खरगे को पत्र लिखा

Ads

केरलम : विजयन ने एसएफआई छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर खरगे को पत्र लिखा

  •  
  • Publish Date - September 5, 2026 / 03:38 PM IST,
    Updated On - September 5, 2026 / 03:38 PM IST

तिरुवंनतपुरम, पांच सितंबर (भाषा) केरलम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर ‘केरल विश्वविद्यालय’ में विरोध प्रदर्शन के दौरान स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के छात्रों पर कथित पुलिस हमले का विरोध किया है और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार पर संघ परिवार के पक्ष में रुख अपनाने का आरोप लगाया है।

विजयन ने अपने पत्र में कहा कि छात्र ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण गाने के मुद्दे पर विश्वविद्यालय के बाहर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे, तभी पुलिस ने बिना किसी उकसावे के उनपर ‘बर्बर लाठीचार्ज’ किया।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने छात्राओं के साथ मारपीट की और मौके पर कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थी। उन्होंने इसे ‘कानून का गंभीर उल्लंघन’ करार दिया।

विजयन ने कहा कि देश की विविधतापूर्ण पहचान और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय आंदोलन के समय से ही ‘वंदे मातरम्’ के केवल पहले दो अंतरे गाने पर आम सहमति रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संघ परिवार (राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके आनुषंगिक संगठन अब पूरा ‘वंदे मातरम्’ गाना अनिवार्य करके उस आम सहमति को तोड़ने की कोशिश कर रहा है, जो 80 से अधिक सालों से चली आ रही थी।

विजयन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार भी यही रुख अपना रही है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र और दिल्ली पुलिस द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर छात्र विरोध-प्रदर्शनों को दबाने की कार्रवाई का विरोध करने वाली कांग्रेस केरलम में छात्रों के प्रति ‘फासीवादी’ रवैया अपना रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने पार्टी मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ का पूरा संस्करण गाए जाने पर नाराजगी जताई थी, लेकिन केरलम में कांग्रेस सरकार संघ परिवार को खुश करने की कोशिश कर रही है।

विजयन ने खरगे से तुरंत दखल देने और केरलम में कांग्रेस नेतृत्व से संघ परिवार को खुश करने की कथित नीति और छात्रों के खिलाफ पुलिस बल का इस्तेमाल करने से रोकने का निर्देश देने की अपील की।

‘केरल विश्वविद्यालय’ में मंगलवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ का पूर्ण संस्करण गाए जाने को लेकर एसएफआई ने विरोध किया था।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश