गुवाहाटी, सात फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेन कुमार बोरा और देबब्रता सैकिया ने हाल ही में हुई पार्टी रैली के दौरान महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक इशारे किए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष बोरा और विधानसभा में विपक्ष के नेता सैकिया को ‘महिलाओं का अपमान’ करने के लिए पार्टी से निष्कासित कर देना चाहिए।
शर्मा ने यहां एक सरकारी कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान दावा किया कि कुछ दिन पहले गुवाहाटी में कांग्रेस की राज्यव्यापी रैली के लिए इस्तेमाल की जा रही बस के ऊपर से आपत्तिजनक इशारे किए गए थे।
उन्होंने कहा कि यह इशारे सभी असमिया लड़कियों और महिलाओं के लिए किये गये थे।
शर्मा ने कहा, “अगर पार्टी (कांग्रेस) उन्हें (बोरा और सैकिया को) निष्कासित नहीं करती है, तो मुझे नहीं लगता कि वे कहीं भी जा पाएंगे। यह सभी महिलाओं का मामला है, किसी विशेष जाति का नहीं।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने वीडियो क्लिप को महिला आयोग को भेजने का निर्देश दिया है ताकि इस पर संज्ञान लिया जा सके।
उन्होंने कहा, “मैं कल्पना भी नहीं कर सकता कि विपक्ष का कोई नेता, पार्टी का पूर्व अध्यक्ष, इस तरह का इशारा करे, वह भी तब जब मीरा बोरठाकुर (कांग्रेस की राज्य महिला इकाई की अध्यक्ष) उनके साथ थीं।”
शर्मा ने कहा कि इस मामले पर कैबिनेट बैठक में चर्चा की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय मीडिया द्वारा इस घटना की रिपोर्ट न किए जाने पर आश्चर्य व्यक्त किया और दावा किया कि उन्हें यह क्लिप नई दिल्ली के एक परिचित ने भेजी थी।
भाषा जितेंद्र धीरज
धीरज