लंदन, नौ फरवरी (भाषा) ब्रिटेन के महाराज चार्ल्स तृतीय शाही परिवार के सदस्य रहे एंड्रयू माउंटबैटन-विंडसर के यौन अपराधों के दोषी जेफ्री एप्स्टीन के साथ संवेदनशील रिपोर्ट साझा करने के मामले को लेकर ब्रिटिश पुलिस द्वारा की जाने वाली जांच में सहयोग करेंगे। यह जानकारी महाराजा के आधिकारिक निवास और कार्यालय बकिंघम पैलेस ने सोमवार को एक बयान में दी।
यह बयान तब आया जब पुलिस ने कहा कि वह उन रिपोर्ट की जांच कर रही हैं कि पूर्व प्रिंस ने 2010 में एप्स्टीन से व्यापार संबंधी संवेदनशील जानकारी साझा की थी।
लंदन के पश्चिम में स्थित क्षेत्रों, जिनमें एंड्रयू का विंडसर स्थित पूर्व आवास भी शामिल है, में सेवा प्रदान करने वाली थेम्स वैली पुलिस ने उन खबरों के आधार पर जांच शुरू की है जिनके मुताबिक एंड्रयू ने एप्स्टीन को 2010 में दक्षिण पूर्व एशिया की यात्रा से संबंधित रिपोर्ट भेजी थीं, जिनतक उनकी पहुंच ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय व्यापार दूत की हैसियत से थी।
बीबीसी के अनुसार, अमेरिका में जारी किए गए ईमेल से ऐसा प्रतीत होता है कि एंड्रयू ने एप्स्टीन को रिपोर्टें भेजी थीं, जिनमें से एक नवंबर 2010 में उनके तत्कालीन भारतीय मूल के विशेष सहायक अमित पटेल द्वारा आधिकारिक व्यापारिक यात्राओं से संबंधित भेजी गई थी।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत