जम्मू-कश्मीर में जल्द होंगे विधानसभा चुनाव : भाजपा नेता तरुण चुघ

जम्मू-कश्मीर में जल्द होंगे विधानसभा चुनाव : भाजपा नेता तरुण चुघ

जम्मू-कश्मीर में जल्द होंगे विधानसभा चुनाव : भाजपा नेता तरुण चुघ
Modified Date: October 17, 2023 / 05:21 pm IST
Published Date: October 17, 2023 5:21 pm IST

जम्मू, 17 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव तरुण चुघ ने मंगलवार को दावा किया कि हाल ही में संपन्न हुए लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (करगिल) चुनाव में भाजपा का मत प्रतिशत और विधानसभा सीटें दोनों बढ़े हैं और जम्मू-कश्मीर में भी जल्द ही विधानसभा चुनाव होंगे क्योंकि परिसीमन व मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि गुपकार गठबंधन को स्थानीय निकाय चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था और विधानसभा चुनाव में भी उनका यही हश्र होगा।

गुपकार गठबंधन, जम्मू-कश्मीर में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) और नेशनल कॉन्फ्रेंस का गठबंधन है।

चुघ ने यहां संवाददाताओं को बताया, ”चुनाव समय पर होंगे। परिसीमन हुए कई दशक बीत चुके हैं। अब विधानसभा क्षेत्रों का परिसीमन हुआ है और मतदाता सूची तैयार की जा चुकी है। इन्हें राजनीतिक दलों के पास अपनी आपत्ति दर्ज कराने के लिए भेजा गया है। तदानुसार, जल्द ही चुनाव होंगे।”

उन्होंने कहा कि जहां तक बात शहरी स्थानीय निकाय चुनाव की है तो स्थानीय निकायों ने वार्ड और ग्राम पंचायत सूची में विसंगतियों का हवाला देते हुए 700 लिखित शिकायतें दाखिल की हैं।

जम्मू-कश्मीर में लंबे अरसे से चुनाव कराने में सरकार पर विफल रहने के आरोप को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में भाजपा नेता ने कहा, ”हमें हमारे मताधिकार से वंचित किया गया। करगिल में वार्ड व ग्राम पंचायत का फार्मूला दोषपूर्ण है और उसे निश्चित पूर्वाग्रह के साथ तैयार किया गया है। मैं सरकार से उसे ठीक करने का अनुरोध करता हूं।”

करगिल चुनावों को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि चुनाव में मतदाता प्रतिशत में पिछली बार की तुलना में पांच गुना तक की वृद्धि देखी गई।

उन्होंने कहा, ”हमने सिर्फ 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था और वहां लोगों से हमें भरपूर आशीर्वाद प्राप्त हुआ। भाजपा ने दो सीटें जीती जबकि पिछले चुनाव में एक ही सीट पर जीत हासिल हुई थी।”

चुघ ने कहा कि करिगल चुनाव में मतदाता प्रतिशत के साथ-साथ भगवा दल की सीटों की संख्या भी बढ़ी है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में