असम के काजीरंगा में कम से कम 55 ग्रेटर हॉग बैजर होने का अनुमान: अधिकारी

Ads

असम के काजीरंगा में कम से कम 55 ग्रेटर हॉग बैजर होने का अनुमान: अधिकारी

  •  
  • Publish Date - June 13, 2026 / 09:32 PM IST,
    Updated On - June 13, 2026 / 09:32 PM IST

गुवाहाटी, 13 जून (भाषा) असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान एवं बाघ संरक्षित क्षेत्र (केएनपीटीआर) में कम से कम 55 ग्रेटर हॉग बैजर पाए जाने का अनुमान है। यह इस बात का संकेत है कि दुनिया भर में खतरे का सामना कर रही इस प्रजाति की आबादी इस संरक्षित इलाके में अनुकूल स्थिति में है। पार्क अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि असमिया में ‘माटी गाहोरी’ के नाम से जाने जाने वाले ग्रेटर हॉग बैजर के पहले वैज्ञानिक आकलन से यह पुष्टि हुई है कि वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के तहत संरक्षित यह दुर्लभ प्रजाति काजीरंगा के विभिन्न क्षेत्रों में अनुकूल परिस्थितियों में है।

यह अध्ययन हाल में काजीरंगा के बाघ प्रकोष्ठ ने वाइल्डलाइफ़ कंजर्वेशन ट्रस्ट और ‘द फिशिंग कैट प्रोजेक्ट’ की टियासा आध्या के सहयोग से किया था। इसका मकसद बाघ संरक्षित क्षेत्र में ग्रेटर हॉग बैजर की संख्या और उनके रहने की जगहों का पता लगाना था।

असम के वन और पर्यावरण मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘काजीरंगा से एक रोमांचक खबर मिली है। ग्रेटर हॉग बैजर अच्छी स्थिति में है…कैमरा ट्रैप से प्राप्त सहायक आंकड़ों का इस्तेमाल कर किए गए पहले वैज्ञानिक आकलन में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में 60 से अधिक ग्रेटर हॉग बैजर दर्ज किए गए हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विभिन्न प्रकार के रहवास क्षेत्रों में इस दुर्लभ, रात्रिचर और बिल बनाकर रहने वाले जीव की स्वस्थ एवं व्यापक मौजूदगी काजीरंगा के पारिस्थितिकी तंत्र की मजबूती और समृद्ध जैव विविधता को दर्शाती है।’’

भाषा आशीष माधव

माधव