अबुजा, 13 जून (एपी) नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र में बंदूकधारियों ने खेतों में काम कर रहे कम से कम 17 किसानों की हत्या कर दी और 13 अन्य को घायल कर दिया। यह जानकारी एक स्थानीय अधिकारी और एक निवासी ने दी।
यह हमला शुक्रवार को नाइजीरिया के जमफारा राज्य के मरादुन क्षेत्र स्थित गोरोन नामाये कस्बे में हुआ। फिलहाल किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन हाल के महीनों में सशस्त्र गिरोहों द्वारा इस तरह के हमलों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है।
मरादुन के निवासी शेहू मूसा ने शनिवार को ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया, ‘‘किसान अपने खेतों में काम कर रहे थे, तभी अचानक बंदूकधारियों ने हमला कर दिया और उनमें से 17 लोगों की हत्या कर दी।’’
उन्होंने कहा कि हमले में घायल हुए लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मरादुन स्थानीय सरकार के अध्यक्ष सनूसी दोसारा ने एक बयान में कहा कि यह हमला जमफारा राज्य सरकार द्वारा बंदूकधारियों के साथ बातचीत करने से इनकार किए जाने का परिणाम है। दोसारा ने सुरक्षा बलों से मरादुन के जंगल में स्थित बयान-रुवा ठिकाने को ध्वस्त करने को कहा है, जहां हमलावर बंदूकधारी छिपे हुए हैं।
मरादुन क्षेत्र के मगामिन डिड्डी में बृहस्पतिवार को बंदूकधारियों ने 39 लोगों का अपहरण कर लिया। यह घटना उस समय हुई जब स्थानीय निवासी शांति स्थापित करने और अपहरण की घटनाओं पर रोक लगाने के उद्देश्य से एक संदिग्ध गिरोह सरगना के अभिभावकों के साथ बैठक कर रहे थे।
एपी आशीष रंजन
रंजन