अजहरूद्दीन तेलंगाना कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए, संदीप दीक्षित होंगे एआईसीसी सचिव
अजहरूद्दीन तेलंगाना कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए, संदीप दीक्षित होंगे एआईसीसी सचिव
नई दिल्ली। तेलंगाना चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने तैयारी तेज कर दी है। पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन को तेलंगाना में कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं सेना प्रमुख को लेकर विवादित बयान देने वाले संदीप दीक्षित को अब जाकर कोई पद दिया गया है। उन्हें ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी का सचिव बनाया गया है।
बता दें कि अजहरूद्दीन ने 2019 का लोकसभा चुनाव तेलंगाना से लड़ने की इच्छा जताई थी। तेलंगाना उनका गृह प्रदेश है। इससे पहले अजहरूद्दीन 2009 का लोकसभा चुनाव यूपी के मुरादाबाद से लड़े और जीते थे। हालांकि 2014 में वे राजस्थान के टोंक सवाई माधोपुर से लोकसभा का चुनाव हार गए थे। वहीं संदीप दीक्षित दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के पुत्र हैं। वे सांसद भी रहे हैं। उन्होंने जून 2017 में भारतीय सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत को सड़क का गुंडा कहा था। तब उनके इस बयान को लेकर कांग्रेस को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।
यह भी पढ़ें : भिलाई स्टील प्लांट ब्लास्ट केस में महीने भर बाद बड़ी कार्रवाई, 3 अफसर गिरफ्तार, 14 की गई थी जान
दरअसल कांग्रेस तेलंगाना चुनाव में तेलंगाना राष्ट्र समिति को हराने के लिए अल्पसंख्यकों का साथ पाने की कोशिश में है। इसीलिए पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में मस्जिदों और चर्च को मुफ्त बिजली, इमाम और पादरियों को हर महीने तनख्वाह देने सहित कई लुभावने वादे किए हैं।

Facebook


