नयी दिल्ली, पांच जून (भाषा) मालवीय नगर अग्निकांड के होटल मालिक को पिछले वर्ष बांग्लादेशी नागरिकों को कथित रूप से अवैध तरीके से प्राप्त भारतीय दस्तावेजों के माध्यम से ठहराने में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड से यह जानकारी मिली।
मालवीय नगर के हौज रानी स्थित ‘फ्लोरिश स्टे बीएंडबी’ होटल में बुधवार को आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना को लेकर होटल मालिक लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया गया था और वह चार दिन की पुलिस हिरासत में है।
जांचकर्ता आग लगने की परिस्थितियों की पड़ताल कर रहे हैं और होटल प्रबंधन से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, बजाज उन आरोपियों में शामिल था, जिनके खिलाफ 29 जनवरी 2025 को पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज किया गया था। यह मामला फर्जी तरीके से प्राप्त भारतीय पहचान दस्तावेजों का उपयोग करके बांग्लादेशी नागरिकों के मध्य दिल्ली में अवैध रूप से ठहाने से संबंधित था।
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान, पुलिस को पता चला कि स्वीटी सरकार उर्फ ब्यूटी हलदार उर्फजोहरा खातून और उसकी बेटी पुष्पो सरकार उर्फ पुष्पो हलदार उर्फ पुष्पो सैयदा अख्तर तथा पुष्पो का नाबालिग बेटा, कथित तौर पर फर्जी तरीके से प्राप्त भारतीय दस्तावेजों के आधार पर पहाड़गंज के एक घर में रह रहे थे। इन दस्तावेज़ों में पासपोर्ट और आधार कार्ड शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि स्वीटी सरकार ने दक्षिण दिल्ली के छतरपुर एन्क्लेव के एक मकान के पते पर भारतीय पासपोर्ट बनवाया था। पते की पुष्टि से पता चला कि वह संपत्ति बजाज की थी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘पूछताछ के दौरान, लवकेश बजाज ने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर आरोपियों को पैसे के बदले भारतीय पहचान पत्र प्राप्त करने के लिए अपने आवासीय पते का उपयोग करने की अनुमति दी थी, जिससे देश में वे अवैध तरीके से रह सके।’
जांच के आधार पर बजाज, स्वीटी सरकार और पुष्पो सरकार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने जांच पूरी होने के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग लड़के के संबंध में भी कानून के अनुसार कार्रवाई के लिए पुलिस सूचना रिपोर्ट (पीआरआई) दाखिल की गई है।
यह खुलासा होटल में लगी आग की जांच के बीच हुआ है, जिसमें कई विदेशी नागरिकों सहित 21 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
भाषा नोमान
नोमान रंजन
रंजन