कन्नूर (केरल), 20 अप्रैल (भाषा) कन्नूर दंत चिकित्सा महाविद्यालय में एक इमारत से गिरकर जान गंवाने वाले बीडीएस छात्र के परिजनों ने सोमवार को यहां शहर के पुलिस आयुक्त से मुलाकात की। संदिग्ध आत्महत्या के इस मामले में परिवार ने आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
अंजरकांडी स्थित निजी डेंटल कॉलेज में बीडीएस प्रथम वर्ष का छात्र नितिन राज 10 अप्रैल को इमारत से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल पाया गया था, बाद में उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के प्रावधानों के तहत दो संकाय सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई उन आरोपों के बाद की गई है, जिनमें कहा गया था कि राज को उसकी जाति और रंग-रूप को लेकर प्रताड़ित किया गया था।
नितिन के पिता राजन ने अपनी बेटी और दामाद के साथ कन्नूर शहर के पुलिस आयुक्त नितिनराज पी. से मुलाकात की।
परिवार ने कहा कि वे न्याय के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
राजन ने कहा, ‘कैंपस में अब कोई दूसरा नितिन राज, रोहित वेमुला या सिद्धार्थन नहीं होना चाहिए। छात्र आत्महत्या की घटनाएं रुकनी चाहिए। राज की मौत के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए।’
उन्होंने पुलिस जांच पर आंशिक संतुष्टि व्यक्त करते हुए कहा, ‘जांच आगे तो बढ़ रही है, लेकिन मुख्य आरोपी डॉ. एम. के. राम और सह-आरोपी डॉ. संगीता को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। हम इससे खुश नहीं हैं।’
डॉ. राम और डॉ. संगीता ने जिला अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की है, जिस पर 22 अप्रैल को विचार होने की संभावना है।
परिवार ने छात्र की मौत से कुछ देर पहले कॉलेज के प्राचार्य के कमरे में हुई घटना की भी जांच की मांग की है।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप