बीड, पांच मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के बीड जिले के कैज कस्बे के पास सुबह राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बस के एक खड़े ट्रक से टकराने के बाद छह महिलाओं सहित 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बस के चालक और कंडक्टर भी उन लोगों में शामिल हैं जो तड़के करीब छह बजे कैज-कल्लम मार्ग पर हुए हादसे में घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, कोल्हापुर से माजलगांव (बीड जिला) जा रही बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे चालक आनंद गायके (40) और कंडक्टर विष्णु तांबडे (42) सहित 13 लोग घायल हो गए।
कैज पुलिस थाने के निरीक्षक स्वप्निल उनावणे की देखरेख में पुलिस अधिकारियों ने बचाव कार्य में समन्वय स्थापित किया और पीड़ितों को चिकित्सा उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। घायलों को स्थानीय एम्बुलेंस सेवा द्वारा कैज उप-जिला अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को आगे के इलाज के लिए बीड जिले के अंबाजोगाई कस्बे में स्थित स्वामी रामानंद तीर्थ सरकारी ग्रामीण चिकित्सा महाविद्यालय और अस्पताल (एसआरटीजीआरएमसीएच) में रेफर कर दिया गया।
अस्पताल सूत्रों ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि क्या कम दृश्यता या लापरवाही दुर्घटना का कारण बनी।
भाषा तान्या संतोष
संतोष