सेवा शिविरों से जरूरतमंद तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : मुख्यमंत्री शर्मा

Ads

सेवा शिविरों से जरूरतमंद तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : मुख्यमंत्री शर्मा

  •  
  • Publish Date - September 18, 2025 / 10:21 PM IST,
    Updated On - September 18, 2025 / 10:21 PM IST

जयपुर, 18 सितंबर (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य भर में आयोजित हो रहे शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर त्वरित राहत दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि शहरी वार्डों के नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित कार्य भी इन शिविरों के माध्यम से पूरे हो रहे हैं।

शर्मा ने आदर्श नगर में अंबेडकर भवन सामुदायिक केन्द्र में शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर आमजन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इन शिविरों में राज्य के नागरिक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं और पीएम स्वनिधि योजना एवं सीएम स्वनिधि योजना से लाभान्वित होकर विशेष रूप से युवाओं का स्वरोजगार का सपना साकार हो रहा है।

शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को कौशल विकास के अवसर प्रदान कर रही है। विश्वकर्मा योजना के माध्यम से भी रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे राज्य में 17 सितंबर से शहरी सेवा शिविरों एवं ग्रामीण सेवा शिविर लगने शुरू हो गए। उन्होंने कहा कि आमजन अपने नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए समाज के गरीब व जरूरतमंद व्यक्ति को इन शिविरों तक लाएं, जिससे उन्हें योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके।

शिविर में मुख्यमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना के तहत लाभान्वितों को चेक सौंपे। उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना से संबंधित पुस्तक का विमोचन भी किया।

भाषा

पृथ्वी, रवि कांत

रवि कांत