कोलकाता, 20 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल की रेजीनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस गुट के उम्मीदवार रबीउल आलम चौधरी ने रविवार को जीत का भरोसा जताया।
उन्होंने कहा कि वह मतदाताओं को अपने गुट के नए चुनाव चिह्न से परिचित कराने के लिए घर-घर जाकर प्रचार अभियान शुरू करेंगे।
उपचुनाव छह अक्टूबर को होना है।
गुटीय विवाद में उलझी ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस को निर्वाचन आयोग ने ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न आवंटित किया है जबकि उसके प्रतिद्वंद्वी अरूप रॉय नीत गुट को ‘डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस’ नाम मिला है।
ये दोनों गुट पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीट पर छह अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में हिस्सा लेंगे।
चौधरी ने एक दिन पहले चुनाव से हटने की घोषणा की और फिर कुछ ही घंटों में अपना फैसला वापस ले लिया था।?
उन्होंने ममता बनर्जी को पार्टी नेता बताते हुए उन पर भरोसा जताया।
चौधरी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘दीदी (ममता बनर्जी) हमारी नेता हैं। मैं उनके निर्देश पर उपचुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। हमारे गुट का हर कार्यकर्ता ममता बनर्जी को अपना नेता मानता है। हमें ‘फुटबॉल खिलाड़ी’ चुनाव चिह्न के साथ उपचुनाव जीतने का भरोसा है।’’
उन्होंने कहा कि वह सोमवार से प्रचार अभियान शुरू करेंगे और पार्टी कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं को नए चुनाव चिह्न से परिचित कराएंगे।
ममता गुट के उम्मीदवार ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि पुलिस प्रत्येक कार्यकर्ता को सुरक्षा मुहैया कराएगी। अगर मैं केवल 10 कार्यकर्ताओं के साथ भी प्रचार करता हूं तो हम जीत हासिल करेंगे।’’
एजेयूपी प्रमुख हुमायूं कबीर के इस्तीफे के कारण रेजीनगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
कबीर ने नवादा सीट बरकरार रखने का फैसला करते हुए रेजीनगर सीट से इस्तीफा दे दिया था।
उनकी पार्टी ने उपचुनाव के लिए कबीर के बेटे गुलाम नबी आजाद को उम्मीदवार बनाया है।
भाषा जितेंद्र प्रशांत
प्रशांत