बंगाल:हत्या मामले में गिरफ्तारी से बच रहा पूर्व बीडीओ ‘शराब पीकर गाड़ी चलाने’ के आरोप में गिरफ्तार

Ads

बंगाल:हत्या मामले में गिरफ्तारी से बच रहा पूर्व बीडीओ 'शराब पीकर गाड़ी चलाने' के आरोप में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 10:25 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 10:25 PM IST

कोलकाता, 26 मई (भाषा) राजगंज के पूर्व प्रखंड विकास अधिकारी (बीडीओ) प्रशांत बर्मन को कथित रूप से नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में कोलकाता के निकट ‘न्यू टाउन’ में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बर्मन पर 2025 में एक व्यवसायी की हत्या में संलिप्तता का आरोप है और वह कई महीनों से फरार था।

एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार देर रात इको पार्क थाने के जवानों ने उसे लापरवाही से और नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि नशे में वाहन चलाने के कारण न्यू टाउन क्षेत्र में एक व्यक्ति घायल हो गया।

बर्मन को मंगलवार सुबह औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सत्यापन के दौरान पता चला कि वह व्यक्ति प्रशांत बर्मन था, जो सोने के व्यापारी की हत्या के मामले में आरोपी भी है और इस प्रकरण की जांच जारी है। उसने हमारे कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया, उन्हें धमकाया और जांच कराने (शराब के नशे में था या नहीं, यह पता करने के लिए) के लिए कहे जाने पर सहयोग करने से इनकार किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि नशे की वजह से उसने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और सिटी सेंटर 2 के पास स्थित एक मंदिर की ओर जाने वाली सड़क पर एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी।’’

बर्मन ने दुर्घटना के बाद भागने की कोशिश भी की, लेकिन वह असफल रहा।

वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया और इको पार्क पुलिस थाने ले जाया गया। प्रारंभिक पूछताछ और मेडिकल जांच के बाद, उसे आज सुबह औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।’’

पुलिस ने बताया कि बर्मन को बारासात की अदालत में पेश किए जाने पर जमानत मिल गई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि बारासात के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद बर्मन को जमानत दे दी।

इस साल जनवरी में पश्चिम बंगाल सरकार ने बर्मन को जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज खंड विकास अधिकारी के पद से हटा दिया था। यह कदम उच्चतम न्यायालय के उस निर्देश के बाद उठाया गया था, जिसमें एक सर्राफा कारोबारी के अपहरण और हत्या के मामले में उसे आत्मसमर्पण करने को कहा गया था।

बिधाननगर पुलिस का खुफिया विभाग व्यवसायी की हत्या की जांच कर रहा है।

भाषा अमित संतोष

संतोष