कोलकाता, 21 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के निलंबित नेता पार्थ चटर्जी शनिवार को तीन साल से अधिक समय के अंतराल के बाद शहर के पश्चिमी हिस्से में अपने बेहाला पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे।
चटर्जी को पिछले साल नवंबर में एसएससी भर्ती घोटाले के सिलसिले में जमानत पर रिहा किया गया था।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 23 जुलाई, 2022 को चटर्जी की करीबी सहयोगी अर्पिता मुखर्जी के अपार्टमेंट से कथित तौर पर करोड़ों रुपये बरामद किए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार किया था।
इस मामले में उन्होंने तीन साल और तीन महीने जेल में बिताए।
चटर्जी ने दक्षिण कोलकाता के नकटला में अपने आवास से निकलते हुए पत्रकारों से कहा, “आज (शनिवार को) अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस है। अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से मिलने का, उनकी समस्याएं सुनने का और उनके साथ अपने संबंधों को फिर से मजबूत करने का इससे अच्छा अवसर क्या हो सकता है।”
निलंबित विधायक ने हालांकि आगामी विधानसभा चुनाव में इस सीट से दोबारा चुनाव लड़ने की इच्छा के बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया और कहा, ‘यह मेरे हाथ में नहीं है’।
उन्होंने विधानसभा क्षेत्र का दौरा करने के बाद कहा, “मैंने व्यक्तिगत रूप से अपने निर्वाचन क्षेत्र का दौरा किया। लोगों की समस्याओं को सुनने के लिए मेरा कार्यालय भी पूरे समय खुला रहा। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रहें।”
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव