कोलकाता, नौ मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सिलीगुड़ी दौरे के दौरान कथित रूप से प्रोटोकॉल के उल्लंघन के संदर्भ में परिस्थितियों को स्पष्ट करते हुए सोमवार को केंद्र सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती ने केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन को रिपोर्ट भेजी, जिसमें घटनाक्रम का विवरण देने के लिए सहायक दस्तावेज भी शामिल हैं।
पश्चिम बंगाल सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी देने वाली रिपोर्ट संबंधित दस्तावेजों के साथ केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेज दी गई है।”
उन्होंने कहा, “हमने हर चरण में किए गए प्रशासनिक निर्णयों को रिकॉर्ड में रखा है।”
रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कार्यक्रम में क्यों उपस्थित नहीं हुईं।
इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे के दौरान अंतरराष्ट्रीय आदिवासी और संथाल सम्मेलन का स्थल बदलने संबंधी निर्णय से जुड़े कारणों के बारे में जानकारी दी है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सात मार्च को राष्ट्रपति के राज्य दौरे के दौरान प्रोटोकॉल उल्लंघन के आरोपों के बाद पश्चिम बंगाल सरकार से रिपोर्ट मांगी थी।
उच्च पदस्थ सूत्रों ने रविवार को कहा था कि पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में राष्ट्रपति के राज्य में आगमन के दौरान मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक की अनुपस्थिति पर प्रतिक्रिया मांगी गई थी, और इसे ‘ब्लू बुक’ नियमों का गंभीर उल्लंघन बताया गया था।
‘ब्लू बुक’ में राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उनके परिवारों के लिए सुरक्षा तथा प्रोटोकॉल के नियमों के बारे में जानकारी दी गई होती है।
भाषा जोहेब नेत्रपाल
नेत्रपाल