बंगाल चुनाव: भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने चुनावी हलफनामे में 119 आपराधिक मामलों की जानकारी दी

Ads

बंगाल चुनाव: भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने चुनावी हलफनामे में 119 आपराधिक मामलों की जानकारी दी

  •  
  • Publish Date - April 25, 2026 / 09:05 PM IST,
    Updated On - April 25, 2026 / 09:05 PM IST

कोलकाता, 25 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में नुआपाड़ा निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह ने अपने चुनावी हलफनामे में 119 लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी दी है, जो 2019 में उनके द्वारा घोषित 24 मामलों की तुलना में कई गुना अधिक है।

बैरकपुर के पूर्व सांसद सिंह ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्रों के साथ 93 पृष्ठों का हलफनामा दाखिल किया, जिसमें उन्होंने अपनी आय, संपत्ति और देनदारियों का विस्तृत विवरण दिया है।

हलफनामे के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में उनकी वार्षिक आय में उतार-चढ़ाव आया है। उन्होंने 2020-21 में 13.41 लाख रुपये की आय घोषित की, जो 2021-22 में घटकर 12.26 लाख रुपये रह गई। इसके बाद, सिंह की आय 2022-23 में बढ़कर 17.43 लाख रुपये और 2023-24 में 18.87 लाख रुपये हो गई। हालांकि, 2024-25 में यह घटकर 13.65 लाख रुपये रह गई।

सिंह ने 2001 से लगातार चार बार उत्तर 24 परगना जिले की भाटपाड़ा विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की। ​​2019 में, वह भाजपा में शामिल हो गए और बैरकपुर लोकसभा सीट से तृणमूल के दिनेश त्रिवेदी को हराकर चुनाव जीते।

वर्ष 2022 में, सिंह फिर से तृणमूल कांग्रेस में लौट आए, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनावों में पार्टी द्वारा उन्हें बैरकपुर सीट से टिकट न दिए जाने के बाद, वह फिर भाजपा में वापस चले गए। भाजपा ने सिंह को बैरकपुर से उम्मीदवार बनाया, लेकिन वह तृणमूल कांग्रेस के पार्थ भौमिक से हार गए।

इस बार चुनाव में भाजपा ने उन्हें नुआपाड़ा से उम्मीदवार बनाया है।

भाषा शफीक धीरज

धीरज