बंगाल चुनाव : माकपा ने 32 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की
बंगाल चुनाव : माकपा ने 32 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की
कोलकाता, 19 मार्च (भाषा) वाम मोर्चा ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 32 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की, जिसमें नंदीग्राम से भाकपा की शांति गिरि और नयाग्राम से माकपा के डॉ. पुलिन बिहारी बास्के को उम्मीदवार बनाया गया है।
उम्मीदवारों की सूची की घोषणा के दौरान, माकपा के प्रदेश सचिव मोहम्मद सलीम ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की वर्तमान न्यायिक समीक्षा को ‘‘प्रारंभिक जीत’’ बताया और जोर देकर कहा कि वामपंथी नेता तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक कि दो चरणों के विधानसभा चुनावों से पहले प्रत्येक वास्तविक मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं हो जाता।
पश्चिम बंगाल विधानसभा के 294 सदस्यों के लिए चुनाव 23 और 29 अप्रैल को होंगे। मतगणना चार मई को होगी।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की नेता आफरीन बेगम बालीगंज से, मुनिरुल इस्लाम मेतियाब्रुज से और हिमांशु गिरि खेजुरी से चुनाव लड़ेंगे।
वाम मोर्चे ने सोमवार को अपने 192 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।
सलीम ने ममता बनर्जी सरकार पर मतदाता सूची में नामों को ठीक से शामिल करवाने में विफल रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग ने बिना किसी पर्याप्त आधार के लाखों मतदाताओं को ‘‘तार्किक विसंगति’’ श्रेणी में डाल दिया है।
आयोग द्वारा 28 फरवरी को जारी आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल नवंबर में एसआईआर प्रक्रिया शुरू होने के बाद से लगभग 8.3 प्रतिशत मतदाताओं यानी 63.66 लाख नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं, जिससे मतदाता आधार लगभग 7.66 करोड़ से घटकर लगभग 7.04 करोड़ रह गया है।
भाषा शफीक माधव
माधव

Facebook


