बंगाल चुनाव : बांग्लादेश से सटे सीमा मार्गों से आवागमन प्रतिबंधित

Ads

बंगाल चुनाव : बांग्लादेश से सटे सीमा मार्गों से आवागमन प्रतिबंधित

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 03:01 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 03:01 PM IST

कोलकाता, 28 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में बुधवार को होने वाले विधानसभा चुनावों के दूसरे और अंतिम चरण से पहले उत्तर 24 परगना जिले में बांग्लादेश सीमा मार्गों पर लोगों और वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतिबंध 26 अप्रैल को लागू किया गया है और मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि यह प्रतिबंध ‘पेट्रापोल लैंड पोर्ट’ पर भी लागू है।

जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘उत्तर 24 परगना जिले के किसी भी निर्वाचन क्षेत्र में 26 अप्रैल को शाम छह बजे से मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक बांग्लादेश जाने और बांग्लादेश से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के लिए लोगों और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया है।’’

हालांकि, इस आदेश में चिकित्सा आपात स्थितियों, अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए लौटने वाले मतदाताओं और तय समयसीमा में खराब होने वाली वस्तुओं के परिवहन के मामलों में छूट की अनुमति दी गई है।

जिले की 33 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा।

‘पेट्रापोल लैंड पोर्ट’ के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चुनावी प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर यह प्रतिबंध सीमा पार आवाजाही को रोकने के उद्देश्य से लगाया गया है, खासकर उत्तर 24 परगना जैसे सीमावर्ती जिलों में, जिनकी बांग्लादेश के साथ खुली सीमा लगती है।

पश्चिम बंगाल बांग्लादेश के साथ 2,200 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करता है, जिससे यह व्यापार के लिए एक महत्वपूर्ण गलियारा बन जाता है।

भाषा शफीक नरेश

नरेश