कोलकाता, छह अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल अगले कुछ वर्षों में आर्थिक रूप से मजबूत हो जाएगा और हर क्षेत्र में तेजी से तरक्की करेगा।
कोलकाता के पूर्वी हिस्से में मिलन मेला मैदान में एक ‘टेक्सटाइल एक्सपो’ का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वह 17 अगस्त को पुरुलिया में 4,000 करोड़ रुपये के इस्पात संयंत्र की आधारशिला रखेंगे।
शुभेंदु ने कहा कि राज्य में हर महीने नयी फैक्टरियां लगाने के लिए शिलान्यास समारोह आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अगले एक-दो साल में बंगाल आर्थिक रूप से मजबूत हो जाएगा और हर क्षेत्र में तेजी से तरक्की करेगा। हम एक महीने के अंदर कम से कम 25 उद्योगों को जमीन सौंप देंगे।’’
शुभेंदु ने बताया कि उनकी सरकार ने नये उद्योग लगाने के लिए जमीन अधिग्रहण की नीति शुरू की है।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस हफ्ते की शुरुआत में राष्ट्रीय राजधानी में हुई एक बैठक में कहा कि केंद्र सरकार राज्य के चाय और वस्त्र क्षेत्र को विकसित करना चाहती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने नादिया और पूर्व बर्द्धमान जिलों के वस्त्र उद्योग केंद्रों का व्यापक दौरा किया था और वहां की समृद्ध विविधता को देखा था।
उन्होंने कहा, ‘‘केंद्रीय वित्त मंत्री 24 से 28 अगस्त के बीच फिर से बंगाल का दौरा करेंगी।’’
भाषा सुरभि सुरेश
सुरेश