कोलकाता, तीन जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक पापिया अधिकारी ने बुधवार को बांग्ला अभिनेताओं और तकनीशियनों को आश्वासन दिया कि किसी को भी विचारों में मतभेदों के कारण काम से वंचित नहीं किया जाएगा।
टॉलीगंज स्थित ‘टेक्नीशियन स्टूडियो’ में विभिन्न गिल्ड के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार की ओर से पापिया अधिकारी ने कहा कि फिल्म और टेलीविजन की शूटिंग में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने बंगाली फिल्म उद्योग में अधिक पारदर्शी और श्रमिक-अनुकूल वातावरण बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
टॉलीगंज की विधायक ने उद्योग के बड़े पुनर्गठन का भी प्रस्ताव रखा, जिसमें कहा गया कि सभी तकनीशियन और श्रमिकों को ‘ईस्टर्न इंडिया मोशन पिक्चर्स कन्फेडरेशन’ के अंतर्गत लाया जाएगा, ताकि ‘‘भ्रष्टाचार मुक्त’’ व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
अभिनेत्री से राजनेता बनीं पापिया अधिकारी ने दावा किया कि बंगाली फिल्म उद्योग या टॉलीवुड पिछले कुछ वर्षों में तृणमूल कांग्रेस-नीत पूर्ववर्ती सरकार में मंत्री रहे अरूप बिस्वास और उनके भाई स्वरूप बिस्वास के ‘‘नियंत्रण’’ में आ गया था, जिससे इसके कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है, कई पेशेवरों के लिए अवसर कम हो गए हैं और भाई-भतीजावाद का माहौल पनपा है।
हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने टॉलीगंज निर्वाचन क्षेत्र से अरूप बिस्वास को हराया।
पापिया अधिकारी ने कहा कि वह उद्योग में कदाचार के आरोपी व्यक्तियों की पहचान करने और उन्हें हटाने के लिए काम करेंगी।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश