बेंगलुरु, 26 मई (भाषा) शहर में स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत नौ लोगों को इस कंपनी से सोने की छड़ें और आभूषण चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह मामला नागरथपेट मेन रोड स्थित निजी सोने की कंपनी के मालिक द्वारा 12 मई को हलासुरु गेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद सामने आया।
शिकायत के अनुसार, कंपनी में पिछले छह महीनों से कार्यरत नौ कर्मचारियों ने कथित तौर पर 11 मई की रात को कंपनी परिसर से सोने की छड़ें और आभूषण चुरा लिए और फरार हो गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न कोणों से पूछताछ करके पुख्ता जानकारी जुटाई कि नौ मजदूर बेंगलुरु से विशाखापत्तनम होते हुए पश्चिम बंगाल ट्रेन से यात्रा कर रहे हैं।
इस जानकारी के आधार पर 13 मई को पुलिस ने आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन के पास से नौ मजदूरों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चोरी की गयी सोने की छड़ और आभूषण बरामद किए।
अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें संबंधित न्यायालय में पेश किया गया और जहां से उन्हें दो दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि विस्तृत पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी इसलिए की क्योंकि उन्हें नियमित रूप से वेतन नहीं मिल रहा था और वे आसानी से पैसा कमाना चाहते थे।
पुलिस ने कुल 618 ग्राम सोने की छड़ें और 89 लाख रुपये मूल्य के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
भाषा
राखी माधव
माधव