बिहार जहरीली शराब कांड : तीन और लोगों की मौत, मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हुई

Ads

बिहार जहरीली शराब कांड : तीन और लोगों की मौत, मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हुई

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 06:11 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 06:11 PM IST

मोतिहारी, पांच अप्रैल (भाषा) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में जहरीली शराब के सेवन से तीन और लोगों की मौत हो जाने के साथ ही इस प्रकरण में मरने वालों की संख्या रविवार को बढ़कर नौ हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में पहली मौत बृहस्पतिवार को हुई थी।

जिला मजिस्ट्रेट सौरभ जोरवाल ने बताया कि मोतिहारी के तुरकौलिया और रघुनाथपुर इलाकों में हुई मौतों के सिलसिले में कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों की शिकायतों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

जोरवाल ने बताया कि एक व्यक्ति का अब भी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘इलाज के बाद सात लोगों को पहले ही छुट्टी दे दी गई है।’’

उन्होंने कहा, “मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का पता चल पाएगा।’’

अधिकारियों ने बताया कि तुरकौलिया थाने के प्रभारी को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में पहले ही निलंबित कर दिया गया है। घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है।

इन मौतों के कारण राज्य में राजनीतिक खींचतान शुरू हो गई है क्योंकि यहां 2016 से ही शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगा हुआ है।

भाषा यासिर नरेश

नरेश