भाजपा ने आरोप मुक्त होने पर केजरीवाल पर साधा निशाना : कहा- प्रश्न अब भी अनुत्तरित

Ads

भाजपा ने आरोप मुक्त होने पर केजरीवाल पर साधा निशाना : कहा- प्रश्न अब भी अनुत्तरित

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 05:38 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 05:38 PM IST

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने यहां की एक अदालत द्वारा आबकारी नीति मामले में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को आरोप मुक्त किये जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि नीति से जुड़े कई सवाल अनुत्तरित हैं और कानूनी प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है।

भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अदालत ने अपने फैसले में इस स्तर पर सबूतों की कमी को स्वीकार किया है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि जांच एजेंसी ने बार-बार सबूतों को नष्ट करने का आरोप लगाया है।

सचदेवा ने कहा, ‘‘दिल्ली शराब घोटाला मामले में अदालत ने अपने फैसले में सबूतों की कमी को स्वीकार किया है। जांच एजेंसी ने बार-बार कहा है कि केजरीवाल और सिसोदिया ने सबूत नष्ट किए हैं।’’

भाजपा नेता के मुताबिक, जांच एजेंसी कथित तौर पर नष्ट किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया लंबी है और ऐसी खबरें हैं कि केंद्रीय एजेंसी इस आदेश के खिलाफ अपील करने की योजना बना रही है।

सचदेवा ने नीति पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल के पास अब भी कुछ सवालों के जवाब नहीं हैं। अगर आबकारी नीति सही थी, तो जांच शुरू होते ही इसे वापस क्यों ले लिया गया, और ठेकेदारों का कमीशन बढ़ाने का मकसद क्या था?’’

उन्होंने शराब ठेकेदारों के लिए कमीशन में कथित तौर पर छह प्रतिशत से 12 प्रतिशत की वृद्धि और ‘एक खरीदें, एक मुफ्त पाएं’ योजना की शुरुआत पर भी सवाल उठाया। भाजपा नेता ने दावा किया कि इस कदम का राजधानी में पारिवारिक संबंधों और महिलाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

उन्होंने कहा, “मैं दृढ़ता से मानता हूं कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्ट हैं। शराब घोटाला भ्रष्टाचार का एक उदाहरण है जो शासन, जन कल्याण और दिल्ली की जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाता है। उनके कार्यालय और उनकी पार्टी के सदस्यों के बीच कथित गलत कार्य बेहद चिंताजनक हैं।’’

सचदेवा ने कहा कि भले ही अदालत ने इस स्तर पर नेताओं को आरोप मुक्त कर दिया हो, लेकिन ‘‘दिल्ली की जनता अपना फैसला सुना चुकी है’’। उन्होंने केजरीवाल पर मीडिया में पेश होकर जनता की सहानुभूति हासिल करने की कोशिश करने का आरोप लगाया और इसे ‘‘राजनीतिक नाटक’’ करार दिया।

सचदेवा ने कहा, ‘‘आज मीडिया में उन्हें देखकर ऐसा लगा जैसे वे बचाव करने के बजाय दिखावा कर रहे हों। सत्येंद्र जैन के लिए भारत रत्न की मांग करते हुए, दिखावटी भावुकता का प्रदर्शन करना, जिसमें ईमानदारी की कोई झलक नहीं दिखती, संदेह को और बढ़ा देता है। उन्हें बॉलीवुड चले जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सत्य की जीत होती है, हम भी आशा करते हैं कि पूरी न्यायिक प्रक्रिया अंततः सत्य को स्थापित करेगी।’’

इससे पहले दिन में, राउज़ एवेन्यू अदालत ने केजरीवाल और सिसोदिया को इस मामले में आरोप मुक्त कर दिया। अदालत ने केंद्रीय अनवेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दायर आरोपपत्र का संज्ञान लेने से इनकार करते हुए 21 अन्य आरोपियों को भी आरोप मुक्त कर दिया।

इस आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए आप के नेताओं ने इसे सत्य और संवैधानिक मूल्यों की जीत बताया। उन्होंने दावा किया कि केजरीवाल और सिसोदिया पर लगाए गए आरोप राजनीतिक रूप से प्रेरित थे और न्यायिक समीक्षा के दौरान खरे नहीं उतरे।

भाषा धीरज मनीषा

मनीषा