दिल्ली के उत्तम नगर में एक व्यक्ति की हत्या के मामले पर भाजपा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

दिल्ली के उत्तम नगर में एक व्यक्ति की हत्या के मामले पर भाजपा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

दिल्ली के उत्तम नगर में एक व्यक्ति की हत्या के मामले पर भाजपा ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
Modified Date: March 19, 2026 / 10:27 pm IST
Published Date: March 19, 2026 10:27 pm IST

नयी दिल्ली, 19 मार्च (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली के उत्तम नगर में हुई झड़प में 26 वर्षीय व्यक्ति की मौत के मामले में “पाखंडपूर्ण और पक्षपाती आक्रोश” दिखाने के लिए बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि उन्होंने वोटबैंक की राजनीति के चलते घटना के 15 दिन से अधिक समय बाद चुप्पी तोड़ी है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला समेत पार्टी के नेताओं ने गांधी पर घटना को नजरअंदाज करने और व्यक्ति की हत्या में शामिल लोगों को बचाने का आरोप भी लगाया।

पूनावाला ने ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो बयान में कहा, “तरुण खटीक की चार मार्च को हत्या की गई। राहुल गांधी ने महज औपचारिकता निभाने और हत्यारों को बचाने के लिए अपनी चुप्पी तोड़ी।”

उन्होंने कहा, “ उत्तम नगर की घटना को लेकर ‘एक्स’ पर राहुल गांधी की पोस्ट पाखंड और पक्षपात वाले आक्रोश की पराकाष्ठा है।”

दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन चार मार्च को दो पड़ोसी परिवारों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बाद हुई हिंसा में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। इस मामले में एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है जबकि कई अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने बृहस्पतिवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उत्तम नगर के लोगों ने हिंसा की भारी कीमत चुकाई है – एक तरफ एक जवान लड़के, तरुण, की जान चली गई, दूसरी तरफ एक पूरा परिवार उत्पीड़न का सामना कर रहा है। उन्हें और खून-खराबा नहीं चाहिए।’’

उन्होंने लिखा, “खून-खराबा केवल भारतीय जनता पार्टी और उसका इकोसिस्टम चाहता है, जो नफ़रत के तवे पर हिंसा की रोटी सेंकने के हर मौके का फायदा उठाता है।”

गांधी ने कहा, ‘‘वे (भाजपा) चाहते हैं कि देश हिंदू-मुसलमान में उलझा रहे, ताकि लोग यह न पूछ सकें कि आखिर प्रधानमंत्री देश की रक्षा, ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और सामरिक संप्रभुता को अमेरिका के हवाले करने पर क्यों मजबूर हैं – इसीलिए, दिन-दहाड़े देश की राजधानी में फिर से दंगों जैसे हालात पैदा किए जा रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली वासियों से अनुरोध है किसी बहकावे में न आएं – देश की शक्ति हमारी एकता, भाईचारे और मोहब्बत में है। जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो।’’

जवाब में पूनावाला ने ‘एक्स’ पर लिखा, “जब 26 वर्षीय दलित युवक तरुण खटीक को होली के दिन लाठियों और पत्थरों से बेरहमी से पीटकर मार डाला गया, तब राहुल गांधी पीड़ित के परिवार को आरोपी हत्यारों के परिवार के बराबर मानते रहे और उन्हें प्रताड़ित व परेशान बताया।”

उन्होंने कहा, “तरुण की जान चली गई। लेकिन कांग्रेस के लिए दलित की ज़िंदगी केवल तब मायने रखती है जब वह उनकी राजनीति में फिट बैठती हो।”

भाषा जोहेब माधव

माधव


लेखक के बारे में