भाजपा नेता ने शबरिमला के देवी-देवताओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की

Ads

भाजपा नेता ने शबरिमला के देवी-देवताओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 06:54 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 06:54 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 27 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य कुम्मनम राजशेखरन ने शबरिमला भगवान अयप्पा और देवी मलिकप्पुरथम्मा के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर बृहस्पतिवार को दलित कार्यकर्ता सनी एम कपिक्कड़ के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की।

मिजोरम के पूर्व राज्यपाल राजशेखरन ने कहा कि सोशल मीडिया पर जो बातें प्रसारित की जा रही हैं वे बेहद अपमानजनक और भड़काऊ हैं तथा केरल की धार्मिक मान्यताओं एवं करोड़ों अयप्पा भक्तों की आस्था का अपमान हैं।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘ किसी भी व्यक्ति को किसी भी विषय पर अपनी राय व्यक्त करने का अधिकार है। लेकिन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की धार्मिक आस्था, देवी-देवताओं या नारीत्व का अपमान करने का अधिकार किसी को नहीं है।’’

उन्होंने कहा कि भगवान अयप्पा और मलिकप्पुरथम्मा के बारे में यौन दृष्टि से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल केरल के सामाजिक माहौल के लिए गंभीर नतीजे पैदा कर सकता है।

भाजपा नेता ने कहा कि कपिक्कड़ ने पहले शबरिमला मुद्दे पर अपना पक्ष रखा था, जिसमें 2018 में मंदिर में महिलाओं के प्रवेश को लेकर हुए विवाद के दौरान भी उनका रुख शामिल था।

उन्होंने कहा, ‘‘इस पृष्ठभूमि में अब सामने आ रही बातों को महज जुबान फिसलने की घटना के तौर पर नहीं देखा जा सकता।’’

उन्होंने केरल मुख्यमंत्री से अपील की कि वह कथित बयान का पूरा वीडियो और उसके संदर्भ की जांच करें एवं कानूनी कार्रवाई शुरू करें।

उन्होंने इस बात की भी जांच की मांग की कि क्या ऐसे बयानों के जरिए आस्थावानों के बीच धार्मिक नफरत या टकराव पैदा करने की कोई सुनियोजित कोशिश तो नहीं की गयी है?

उन्होंने कहा, ‘‘यह केरल पुलिस की जिम्मेदारी है कि वह जांच करे कि क्या यह बयान कोई अलग-थलग घटना है या किसी लगातार चल रहे वैचारिक अभियान का हिस्सा है।’’

राजशेखरन ने कहा कि भाजपा इस मामले में सभी कानूनी कदम उठाएगी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की मांग करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘किसी आस्था के खिलाफ राय जाहिर करना और उस आस्था का अपमान करना, दो अलग-अलग बातें हैं। हर किसी को आलोचना और अपमान के बीच की सीमा का सम्मान करना चाहिए।’’

इस बीच, ‘सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर’ राहुल ईश्वर’ ने कहा कि उन्होंने सुबह मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन, गृह मंत्री रमेश चेन्निथला और पुलिस प्रमुख को शिकायतें भेजने के बाद, श्रीकार्यम पुलिस स्टेशन में व्यक्तिगत रूप से कपिक्कड़ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

उन्होंने कपिक्कड़ की गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि वह इस मामले में अदालत का भी दरवाजा खटखटाएंगे।

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश